कानपुर देहात में बड़ा सड़क हादसा : वैन में टक्कर मारकर खड्ड में घुसी बस, पांच लोगों की मौत और चार गंभीर घायल
Sun, 29 May 2022
कानपुर देहात जनपद के मूसा नगर में मुगल रोड पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। चित्र कूट दर्शन के लिए जा रहे लोगों की वैन में टक्कर मारने के बाद बस खड्ड में जा गिरी। हादसे में वैन सवार पांच लोगों क मौत हुई और बस सवार लोग जख्मी हुए हैं। गंभीर रूप से जख्मी चार लोगों को अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों के उपचार की व्यवस्था शुरू कराई है। हादसे के बाद मुगल रोड पर जाम लग गया, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे करवाकर यातायात सुचारु कराया।

कानपुर देहात के मूसानगर के जसौरा गांव से लोग वैन से चित्रकूट दर्शन के लिए जा रहे थे। मुगल रोड पर पीछे से आई प्राइवेट बस ने वैन में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वैन पलट गई और बस सड़क किनारे खड्ड में घुस गई। हादसे में वैन सवार पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं बस में सवार चार यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद राहगीर और आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। लोगों ने घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई और वैन सवार लोगों को अस्पताल पहुंचाया।

वहीं बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने वैन सवार पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। इतने बड़े हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कराया। बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *