मंकीपॉक्स वायरस से लड़ने को तैयार शहर के अस्पताल, उर्सला, हैलट में बने आइसोलेशन वार्ड
कानपुर: कोरोना वायरस जैसी महामारी के बाद अब दुनिया में एक नई बीमारी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दुनिया के 16 देशों में लगातार मंकीपॉक्स वायरस के बढ़ते मामलों पर डब्ल्यूएचओ भी अब नज़र बनाए हुए है। राहत की बात यह है कि भारत में अभी तक मंकीपॉक्स का कोई भी मामला सामने नहीं आया है लेकिन यूपी समेत देश के कुछ राज्यों में मंकीपॉक्स वायरस को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं कानपुर के सीएमओ डॉ नेपाल सिंह ने भी शहर के सभी सरकारी अस्पतालों को डायरेक्टिव जारी करते हुए इस बीमारी के लिए एक अलग वार्ड बनवाने के लिए भी कह दिया है।
डॉ नेपाल सिंह ने जारी किए गए आदेश के बारे में बताते हुए कहा की बचपन में लगी चिकन पॉक्स की वैक्सीन भी मंकी पॉक्स से सुरक्षा चक्र प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि मंकीपॉक्स जानवरों से इंसानों में फैलता है और इसके लक्षण दो-चार सप्ताह तक रहते हैं। इस बीमारी को देखते हुए जिला अस्पताल उर्सला में 5 बेड आइसोलेशन के लिए और 5 बेड मरीजों को भर्ती करने के लिए रिज़र्व कर दिए गए हैं। वहीं हैलट के 22 नंबर वार्ड में भी 10 बेड आइसोलेशन के लिए तैयार कर लिए गए है। साथ ही इसके इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं का स्टॉक भी कर लिया गया है।
