हेलो सर! खाकी वर्दी पहने दो लोग 4.5 लाख लूट ले गए… पुलिस बोली यह अमानत में खयानत का मामला
Mon, 30 May 2022
हेलाे सर! खाकी वर्दी पहने बाइक सवार दो लोग 4.5 लाख रुपये लूट ले गए। रविवार को लूट की सूचना कानपुर के कंट्रोल रूम पर पहुंची तो नौबस्ता थाने की पुलिस अलर्ट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित और उसके साथी सूचना कर्ता को थाने लाई। पुलिस सूचनाकर्ता को संदिग्ध मानकर पूछताछ कर रही है।
नौबस्ता पुरानी बस्ती निवासी दिनेश चौरसिया की पान की दुकान है। वह प्रापर्टी डीलर भी हैं। उन्होंने बताया कि परिचित सनिगवां के केआर पुरम निवासी द्रिगपाल वर्मा ने एक प्लाट दिखाया था। जिसका सौदा 23 लाख में तय हो गया था। शनिवार को द्रिगपाल ने उन्हें पार्टी से मिलवाने और बयाने की रकम 4.5 लाख रुपये पार्टी को देने की बात कही थी। इस पर वह किदवई नगर के ब्लाक स्थित पेट्रोल पंप के बगल की रोड पर पहुंचे। जहां द्रिगपाल और उनका एक साथी लखनऊ निवासी मिला। उन्होंने रुपयों से भरा झोला द्रिगपाल को रखने को दे दिया।इस दौरान द्रिगपाल के पास पार्टी की काल आई और उन्होंने थोड़ा आगे बुलाया। जैसे ही वह आगे बढ़े तभी बाइक सवार खाकी वर्दी पहने दो युवक उन्हें धक्का देने के बाद द्रिगपाल से रुपयों से भरा झोला लूट ले गए। इस दौरान लखनऊ वाला युवक भी उन दोनों की बाइक पर बैठकर चला गया। दृगपाल ने कंट्रोल रूम पर लूट की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस जानकारी लेकर दोनों को थाने ले गई। द्रिगपाल से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सीसीटीवी कैमरे जांचे सच्चाई सामने आ जाएगी
द्रिगपाल ने पुलिस पूछताछ ने कहा कि वह निर्दोश है। पुलिस को उसकी बात पर भरोसा नहीं है तो वो घटनास्थल के सीसीटीवी की जांच कर ले। थाना प्रभारी मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामला लूट का नहीं बल्कि अमानत में खयानत का लग रहा है। जिन्हें ये लोग लुटेरे और वर्दीधारी बता रहे हैं उसी से दिनेश चौरसिया का प्लाट का सौदा हुआ था। वो लोग बयाना लेकर भाग गए हैं। उन दोनों को बुलाने की कोशिश की जा रही है। सीसीटीवी भी जांच लिए जाएंगे।
