14 अस्थि कलशों का विधि विधान से विसर्जन

कानपुर। युग दधीचि संस्थान द्वारा आज़ उन 14 अस्थि कलशों का विधि विधान से विसर्जन किया गया जो विगत एक वर्ष से अपनों की प्रतीक्षा में थे। विद्युत शवदाह गृह भैरोघाट पर संस्था द्वारा स्थापित अस्थि कलश बैंक में ये रखे थे।

आज़ पूर्व महापौर कैप्टन पंडित जगतवीर सिंह द्रोण जी, किन्नर महासभा की राष्ट्रीय महासचिव काजल किरण जी एवं गंगा प्रहरी राम जी त्रिपाठी द्वारा कलशों का पूजन किया गया। रेडक्रास अध्यक्ष डॉ उमेश पालीवाल जी, पंडित विजय पांडेय ‘पंडित उपवन’ एवं पार्षद महेंद्र पांडेय ‘पप्पू जी’ ने दूध रोली एवं गंगाजल से कलशों का अभिषेक किया। तत्पश्चात मंत्रपाठ करते हुए पुष्प वर्षा के बीच सभी कलशों का भू विसर्जन किया गया। अभियान प्रमुख मनोज सेंगर एवं माधवी सेंगर ने बताया कि ये सभी 14 अस्थि कलश प्रथम कोरोना काल के हैं जिन्हें एक वर्ष से अधिक हो गया था, एक लंबी प्रतीक्षा के बाद भी किसी के ना आने पर आज़ इन्हें भू समाधि दी गई है, सभी से अनुरोध है कि अस्थि कलशों को गंगा में प्रवाहित कर गंगा मैया के आंचल को मैला ना करें, इनका भू विसर्जन ही करें, यही युग धर्म है।

कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का स्वागत आय-कर अधिकारी शरद प्रकाश अग्रवाल एवं उद्यमी सुनील अग्रवाल द्वारा किया गया, रवि तिवारी, शांति भूषण यादव का विशेष सहयोग रहा। आयोजन में शवदाह गृह के 4 कर्मचारियों को उनके द्वारा कोरोना काल में किए गए सराहनीय कार्य हेतु अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *