फर्रुखाबाद के इंस्पेक्टर हत्याकांड में अनुपम दुबे की कानपुर में पेशी आज

फर्रुखाबाद के इंस्पेक्टर हत्याकांड में अनुपम दुबे की कानपुर में पेशी आज, पुलिस की सुरक्षा के साथ वज्र-वाहन तैनात
कानपुर के चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के न्यायालय में उपस्थित न होने पर उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू होने पर उन्होंने कन्नौज के समधन निवासी शमीम की हत्या के मामले में स्थानीय सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। दो दिन पहले उन्हें इंस्पेक्टर हत्याकांड में बी-वारंट तामील कराए गए।

फर्रुखाबाद जिला जेल में निरुद्ध बसपा नेता अनुपम दुबे की इंस्पेक्टर हत्याकांड में सोमवार को कानपुर स्थित चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेशी होनी है। कोविड काल में आमतौर पर आनलाइन वर्चुअल हियरिंग के चलते जेल में इसकी भी तैयारी की गई है। मामला हाई प्रोफाइल होने के चलते पुलिस लाइन में वज्र-वाहन के साथ पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी अनुपम दुबे के खिलाफ मेरठ जिले के अमीसराय क्षेत्र के लौहार निवासी इंस्पेक्टर रामनिवास यादव की हत्या का मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में कानपुर के चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के न्यायालय में उपस्थित न होने पर उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू होने पर उन्होंने कन्नौज के समधन निवासी शमीम की हत्या के मामले में स्थानीय सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। दो दिन पहले उन्हें इंस्पेक्टर हत्याकांड में बी-वारंट तामील कराए गए। इसी मुकदमे में आज सोमवार को उनकी कानपुर न्यायालय में पेशी होनी है। जिला कारागार से अनुपम दुबे को कानपुर भेजने के लिए पुलिस बल लगाने और वाहन की व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा गया। पुलिस लाइन से वज्र-वाहन के साथ सुरक्षा की दृष्टि से एक इंस्पेक्टर, एक दारोगा और चार सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। आवश्यकता पडऩे पर और पुलिस बल भी लगाया जा सकता है। कानपुर न्यायालय में सुबह 10 बजे अनुपम की पेशी होनी है, इसलिए उन्हें सोमवार सुबह पांच बजे कानपुर ले जाने की तैयारी है। वहीं जिला जेल में आनलाइन हियरिंग के लिए भी व्यवस्था की गई है। फिलहाल पुलिस अधिकारी मामले में मुंह नहीं खोल रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप ने बताया कि उन्हें पेशी के बारे में जानकारी ही नहीं है। जिला जेल के जेलर अखिलेश कुमार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्णय के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *