घर से छह लाख नकद व जेवर चोरी

Tue, 20 Jul 2021
कानपुर देहात में अकबरपुर के बलिहारा गांव में रविवार रात पूर्व प्रधान के घर में चोरी हो गई। चोरों ने घर में सो रहे लोगों के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। सुबह नींद खुलने पर घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने गांव के प्रधान के पति समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि चोर साढ़े छह लाख रुपये नकद व तीन लाख के जेवरात ले गए।
बलिहारा गांव के पूर्व प्रधान धीरेंद्र सिंह यादव ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात घर के लोग रोज की तरह अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। रात में चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद जिन कमरों में लोग सो रहे थे उनके दरवाजे बाहर से बंद कर दिए गए। इसके बाद चोरों ने घर से साढ़े छह लाख रुपये नकद व तीन लाख के जेवर पार कर दिए।

रात करीब दो बजे नींद खुलने पर वह उठा तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। इस पर पड़ोसियों को फोन करके बुलाया और दरवाजा खुलवाया। इस दौरान घर के अंदर सारा सामान बिखरा मिला। घर से एक अलमारी भी गायब थी। सोमवार सुबह घर से करीब छह सौ मीटर दूर खेतों में अलमारी, बक्सा व अटैची टूटी पड़ी मिली। चोर साढ़े छह लाख रुपये नगद, तीन लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए।

पूर्व प्रधान ने गांव की प्रधान सरला देवी के पति रामजीवन, मदनू, ननखे, रंजीत, रिकूं समेत पांच लोगों पर चोरी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि पूर्व प्रधान की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ग्रामीणों से पूछताछ में चुनावी रंजिश की भी बात सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *