मुलायम की बहू और लालू की समधन ने दोहराया इतिहास

मुलायम की बहू और लालू की समधन ने दोहराया इतिहास, सैफई ब्लाक प्रमुख के दूसरे कार्यकाल की ली शपथ

इटावा में समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार की बहू और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की समधन मृदुला यादव ने सैफई ब्लाक प्रमुख के दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली। वह निर्विरोध ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुई थीं।

मंगलवार को ब्लाक सभागार में उपजिलाधिकारी एन.राम ने उन्हें शपथ ग्रहण कराई। ब्लाक प्रमुख के पुत्र पूर्व सांसद तेजप्रताप सिंह यादव, उनकी पुत्रवधू राजलक्ष्मी तथा देवर जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक उर्फ अंशुल यादव भी मौजूद थे। वह वर्ष 2015 मे सैफई की पहली बार निर्विरोध ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुई थीं, 2021 में वह फिर निर्विरोध निर्वाचित हुईं। उन्होंने फिर से यह इतिहास दोहराया है। बीडीओ ब्रजमोहन अंबेड, एडीओ पंचायत अनिल बाजपेई, सपा ब्लाक अध्यक्ष संतोष शाक्य, वेदव्रत गुप्ता, प्रदीप आढ़तिया महोला, दफेदार सिंह, राजवीर यादव ठेकेदार, लालजी दुबे, राजवीर बाबा, रामफल बाल्मीकि प्रधान आदि मौजूद थे।

सबको पता है, ओवैसी किसके इशारे पर चलते हैं: पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद ओवैसी के यूपी दौरे को लेकर कहा कि ओवैसी की पार्टी किसके इशारे पर चलती है यह सबको पता है। बिहार, बंगाल में उनकी पार्टी का जो हश्र हुआ उसे हम सब लोग देख चुके हैं। उत्तर प्रदेश का मतदाता बहुत ही होशियार है वो किसी के भी झांसे में आने वाला नही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में विकास की योजनाएं और गांव तक हर हाल में पहुंचाई गई है जिसका नतीजा सबके सामने है। सैफई में निर्माणाधीन सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल के निर्माण पर ब्रेक लगा है, अगर यह निर्माण पूरा हो जाता तो इटावा ही नहीं अपितु आसपास के जिलों के गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार मिल सकता था। उन्होंने कहा कि 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *