मा0 राज्यपाल एवं मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा “उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना” के लोक भवन में आयोजित शुभारम्भ कार्यक्रम का आज दोपहर 12ः00 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जनपद कानपुर नगर में भी “उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना” कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रदेश की उच्च शिक्षा एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री, श्रीमती नीलिमा कटियार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का शुभारम्भ किया है। मा0 प्रधानमंत्री जी का मार्ग दर्शन एवं प्रेरणा सभी राज्यों की ओर थी, कि इस कोविड के दौरान जिन बच्चों के माता-पिता या उनके संरक्षकों/अभिभावकों की मृत्यु हो गयी है, ऐसे निराश्रित बच्चों के संरक्षण व कल्याण के लिये राज्य सरकारें कोई योजना बनाये। पूरे देश के अन्दर उ0प्र0 में सबसे पहले “उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना‘‘ को मा0 मुख्यमंत्री जी ने अमलीजामा पहनाकर लागू किया है। उन्होंने बताया कि ऐसे निराश्रित बच्चों को प्रदेश सरकार प्रति माह चार हजार रुपये दिए जाएंगे तथा उनके 18 साल के होने तक सरकार उनकी देखभाल भी करेगी। उन्होंने बताया कि यह योजना निराश्रित हुए बच्चों के पालन-पोषण, उनकी शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के अन्तर्गत आज प्रदेश चार हजार से अधिक निराश्रित बच्चों के खाते में आर0टी0जी0एस0 के माध्यम से पहले तीन माह की बारह हजार रुपये की धनराशि प्रत्येक बच्चे के खाते में भेजी गयी है, इसके साथ ही निराश्रित बेटियों को जिनकी उम्र 18 वर्ष हो गयी है, की शादी के लिये एक लाख एक हजार की धनराशि दी जायेगी तथा प्रोफेशनल एजूकेशन से जुड़े बच्चों कोे लैपटॉप/टैबलेट दिये जाने की व्यवस्था की गयी है। इस अवसर पर जनपद के निराश्रित 28 लाभार्थियों/बच्चो को “उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना” का स्वीकृति पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर मा0 विधायकगण श्री सुरेन्द्र मैथानी,श्री भगवती प्रसाद सागर, उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की मा0 सदस्या श्रीमती पूनम कपूर व श्रीमती रंजना शुक्ला, जिलाधिकारी श्री आलोक तिवारी, नगर आयुक्त श्री अक्षय त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी डा0 महेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक आउटर श्री अष्टभुजा प्रसाद, अपर जिलाधिकारी नगर श्री अतुल कुमार, पुलिस उपायुक्त श्रीमती रवीना त्यागी, उप निदेशक महिला कल्याण कानपुर मण्डल श्रीमती श्रुति शुक्ला, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री अभय कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
——————–

2021-07-22
