Sat, 24 Jul 2021
लखनऊ में पकड़े गए अलकायदा समर्थित संगठन गजवातुल हिंद के आतंकियों को कानपुर से हथियार दिलाने वाले शकील को लेकर गुरुवार आधी रात एटीएस ने शहर में ताबड़तोड़ दबिश दी। चमनगंज के तीन इलाकों में कई घरों में जाकर संदिग्ध आफाक की तलाश की। करीब तीन घंटे तक एटीएस की दबिश चली।
हालांकि, संदिग्ध आफाक हाथ नहीं लगा। सूत्रों के मुताबिक, उसकी लोकेशन हैदराबाद में मिली है। एटीएस ने उसके कई परिचितों और परिजनों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है। एटीएस ने लखनऊ में 11 जुलाई को गजवातुल संगठन से जुडे़ आतंकी मिनहाज और मुशीर को गिरफ्तार किया था।
तफ्तीश में खुलासा हुआ था कि इन दोनों ने शकील नाम के शख्स की मदद से कानपुर के चमनगंज इलाके से असलहा, कारतूस और चाकू खरीदे थे। 14 जुलाई को एटीएस ने दोबारा कार्रवाई करते हुए शकील के साथ मोहम्मद मुईद और मुस्तकीम को गिरफ्तार कर पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया था।
पूछताछ में जानकारी मिली कि चमनगंज के आफाक से शकील ने असलहा दिलवाया था। उसके साथ लईक नाम का भी युवक शामिल था। हालांकि लईक से पूछताछ जारी है उसकी भूमिका तलाशी जा रही है। इस दौरान शुक्रवार देर रात एटीएस की टीम शकील को लेकर चमनगंज पहुंची।
नई सड़क, नाला रोड और पेंचबाग इलाके में गई। आफाक की तलाश में कई घरों में दबिश दी। सूत्रों के मुताबिक एटीएस के हाथ आफाक नहीं लगा। उसके परिचितों व रिश्तेदारों से कई घंटे तक पूछताछ की गई। सूत्रों ने बताया कि कुछ दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। तीन घंटे बाद टीम लखनऊ लौट गई।
