पुखरायां सीएचसी में पर्याप्त फर्नीचर न होने से जमीन पर बैठते मरीज
सीएचसी पुखरायां में इलाज कराने के लिए आने वाले मरीजों को बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर न होने के कारण मरीजों को जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। प्रसूताओं इलाज के लिए जमीन पर बैठकर चिकित्सकों के यहां अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ता है।
सीएचसी पुखरायां में दो महिला चिकित्सक समेत छह से अधिक चिकित्सकों की तैनाती है। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र में सीएचसी पुखरायां में ही अन्य सुविधाएं होने के कारण रोजाना ओपीडी में भारी संख्या में मरीज आते हैं। मरीजों की संख्या को देखते हुए चिकित्सकों व उनके बैठने के लिए पर्याप्त कमरों की व्यवस्था न होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सीएचसी में दो महिला चिकित्सकों को एक ही कमरे में बैठकर महिलाओं का उपचार करना पड़ता है। मरीजों के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर न होने के कारण महिलाओं को जमीन पर बैठना पड़ता है। पर्याप्त फर्नीचर न होने से महिलाओं को चिकित्सकों के कमरों के बाहर जमीन पर बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ता है। गर्भवती भी अव्यवस्था का शिकार हो रही हैं। सीएचसी पुखरायां के अधीक्षक डा. अनूप कुमार सचान ने बताया कि सीएचसी पुखरायां का भवन छोटा होने के कारण चिकित्सकों के बैठने के लिए कमरों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। मजबूरन दो महिला चिकित्सकों को एक ही कमरे में बैठाना पड़ा रहा है। अस्पताल में पर्याप्त फर्नीचर न होने कारण मरीजों को परेशानी हो रही है। सीएमओ को पत्र भेजकर अतिरिक्त फर्नीचर की मांग की जाएगी।
