कोरोना का बारिश में पलटवार, 22 संक्रमितों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कम्प
– सीएमओ ने 50 कांटेक्ट लोगों की ट्रेसिंग की जांच के लिए लगाई टीमे
कोरोना का बारिश में पलटवार, 22 संक्रमितों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कम्प
कानपुर। प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपुर में मौसम की करवट की तरह कोरोना संक्रमितों के केस में बुधवार का दिन चौकाने वाला रहा है। जिले में एक बार फिर से कोविड के 22 संक्रमित मिले है। यह कई महीनों में दहाई के अंक को पार करने वाला आकंड़ा है। संक्रमितों के मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के साथ प्रशासन सर्तक हो गया है। स्वास्थ्य महकमे के लिए सबसे बड़ी परेशानी की बात यह है कि इन संक्रमितों में पांच ने बुधवार को कानपुर आए मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की है। फिलहाल सीएमओ ने 50 लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग के लिए टीमें गठित कर दी है।
कोरोना वायरस की तीसरी लहर की संभावना के बीच बुधवार जनपद कानपुर के लिए बड़ा उलटफेर करने वाला रहा है। यहां पर केस की संख्या में अचानक इजाफा हुआ है। एक ही दिन में दहाई का आंकड़ा पार कर 22 केस कोविड संक्रमितों के सामने आए हैं। अचानक बारिश की आफत के बीच स्वास्थ्य विभाग के लिए यह चिंता बढ़ाने वाला है। संक्रमितों के मिलते ही स्वास्थ विभाग कोविड प्रोटोकॉल का पालने कराने में जुट गया है। वहीं जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कम मच गया है। कोरोना की दूसरी लहर थमने के बाद आज फिर से इतनी संख्या में नए संक्रमित आए।
मुख्यमंत्री से भी मिले पांच संक्रमित
कानपुर में नये 22 संक्रमितों में पांच लोग ऐसे है जो आज कानपुर में एक कार्यक्रम में शिरकत करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य व जिला प्रशासन के अफसर परेशान है। अफसरों की चिंता का विषय यह है कि अगर इनके मिलने से मुख्यमंत्री या उनकी फ्लीट में शामिल लोगों के सम्पर्क में कोई संक्रमित आया है तो क्या होगा।
सीएमओ डॉ. नेपाल सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से एक, दो और कभी-कभी जीरो केस आ रहे थे। आज अचानक 22 केस नये संक्रमितों के मिले हैं जो शहर के अलग-अलग इलाकों के हैं। एक साथ इतने केस आने से मैं खुद हतप्रभ हूं। सीएमओ ने बताया कि जितने मरीज पॉजिटिव आये हैं सभी के लिए डॉक्टर्स की टीम लगा दी गई है। 22 जगह पर कांटेक्ट ट्रेसिंग कराई जा रही है और लगभग 50 लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग करा कर सैम्पलिंग कराई जा रही है। इस दौरान उन्होंने संभावित तीसरी लहर को लेकर बताया कि बच्चों के लिए अलग से हमने जो हमारी पीएससी हैं उसमें चार पीएससी बच्चों के लिए स्पेशल तैयार की गई है। उसमें सभी प्रकार बच्चों के लिए मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध रहेगी।
