कृषि विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक संपन्न

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर की समीक्षा बैठक माननीया कुलाधिपति/ राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के अपर मुख्य सचिव श्री महेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में संपन्न हुई। जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ डी आर सिंह के साथ विश्वविद्यालय के सभी प्रमुख अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक प्रातः 9:50 बजे से प्रारंभ होकर सभी प्रमुख बिंदुओं पर गहन समीक्षा उपरांत अपराहन 1:15 बजे समाप्त हुई। मा. अपर मुख्य सचिव ने विश्वविद्यालय के वित्तीय अभिलेखों के रखरखाव अद्यतन स्थिति में रखने के निर्देश दिए एवं इस बात पर जोर दिया कि सभी सेवा निवृत्त नियमत: कार्मिकों के देयकों का भुगतान सेवानिवृत्त होने के ही दिन निस्तारित कर दिए जाएं। उन्होंने कहा कि भविष्य में कार्मिकों के भुगतान में किसी तरह का विवाद न हो इसके लिए उनकी सेवा पुस्तिका एवं जीपीएफ अद्यतन रखा जाए और नामिनी की प्रविष्टि अवश्य की जाए।विश्वविद्यालय द्वारा अधिकारियों को विश्वविद्यालय हित में किए गए कार्यों हेतु लिए गए अग्रिम धन राशि का समायोजन एक निर्धारित समय के अंदर पूर्ण कर लिया जाए। समायोजन न करने की दशा में अग्रिम धनराशि की वसूली उनके वेतन से कर ली जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कार्यों में गतिशीलता लाने के लिए रिक्त पदों पर नियुक्ति पारदर्शिता प्रक्रिया सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय कार्मिकों के जीपीफ खाते ऑनलाइन व्यवस्था पर पोर्टल बनाकर शीघ्र प्रारंभ किया जाए। विश्वविद्यालय के आडिट आपत्तियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया एवं निर्देश दिए कि लंबित आडिट आपत्तियों का निराकरण यथाशीघ्र किया जाए। कार्मिकों/ छात्र-छात्राओं की शिकायतों का निस्तारण करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल उपयुक्त रहेगा। जिससे किसी समस्या का निराकरण समय बद्ध रूप से संबंधित विभाग/ अनुभाग /अधिकारी के द्वारा किया जाना संभव होगा। उन्होंने विश्वविद्यालय की आय बढ़ाने के लिए बैंकों में खाते कम करने तथा अधिक धन को एफडीआर के रूप में बैंक में जमा करने पर बल दिया। जिससे विश्वविद्यालय को ब्याज के रूप में अतिरिक्त धन उपार्जन हो सके। इस अवसर पर कुलपति डॉ डीआर सिंह ने विश्वविद्यालय के कार्यों में त्वरित गति शीलता लाने के उद्देश्य से कार्मिकों के लंबित वेतन भुगतान में आ रही समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का अनुरोध किया। कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय के क्रियाकलापों के बारे में अपर मुख्य सचिव को अवगत कराया गया। जिसमें अन्य कार्यों के साथ जेल रेटिंग विधि से अलसी के तने से धागा निकालने की विधि का पेटेंट कराए जाने पर हर्ष व्यक्त किया। इस समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के द्वारा लिखित पुस्तक मिलेट फ्यूचर क्रॉप का विमोचन भी किया गया। अंत में कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव ने विश्वविद्यालय के शोध,शिक्षण एवं प्रसार गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन को अधिक से अधिक ऑनलाइन मोड में जनसामान्य तक पहुंचाने का आवाहन किया। समीक्षा बैठक धन्यवाद प्रस्ताव के साथ समाप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *