गुप्तार घाट पर दो युवक डूबे, तैराक ने बचाया

Sun, 08 Aug 2021
कानपुर कोतवाली थाना क्षेत्र में गुप्तार घाट पर नहाने आए दो युवक शनिवार शाम गहरे पानी में जाने से गंगा में डूब गए। ऐन वक्त पर घाट के पास ही रहने वाले राष्ट्रीय तैराक रोहित निषाद की नजर पड़ी तो उन्होंने नदी में छलांग लगाकर दोनों युवकों को बचा लिया।

गुप्तार घाट पर रहने वाले लोगों ने बताया कि सिरकी मोहाल निवासी अक्षय पाठक, घंटाघर निवासी अपने साथी प्रदीप के साथ गंगा नहाने आया था। टीले के पास ही वह नहा रहे थे। अचानक प्रदीप का पैर फिसल गया और वह डूबने लगा। उसने शोर मचाया तो अक्षय ने बचाने की कोशिश की। इस पर वह भी गंगा में डूबने लगा। इसी दौरान घाट के पास नाव चला रहे तैराक रोहित निषाद की नजर पड़ी तो उन्होंने पानी में छलांग लगाकर दोनों युवकों को बचा लिया। रोहित ने बताया कि एक युवक छात्र है और दूसरा किसी फर्म में नौकरी करता है। इलाके के लोगों ने बताया कि वह पुलिस को सूचना देने जा रहे थे तभी दोनों युवक माफी मांगने लगे। उन्हें चेतावनी देकर जाने दिया गया। रोहित ने पिछले वर्ष भी नाव पलटने से डूब रहे बाबूपुरवा के 11 युवकों को सकुशल बचाया था। सभी युवक पिकनिक मनाने आए थे।

गंगा में मोबाइल फेंकने के बाद कूदा युवक

जाजमऊ सिद्धनाथ घाट में गंगा में मोबाइल फेंकने के बाद युवक खुद भी कूद गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक युवक की तलाश करवाई लेकिन कुछ पता नहीं चला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिद्धनाथ घाट की सीढि़यों पर शुक्रवार शाम को 20 वर्षीय युवक बैठा था। वह काफी देर तक फोन पर बात कर रहा था। इस बीच वह अचानक उठा और उसने अपना मोबाइल नदी में फेंक दिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते उसने खुद भी नदी में छलांग लगा दी। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह कुछ ही देर में डूब गया। जिसके बाद तत्काल स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक नदी में युवक की तलाश करवाई। लेकिन युवक नहीं मिला। जाजमऊ चौकी प्रभारी जितेन्द्र जायसवाल ने बताया कि गोताखोरों की मदद से युवक को खोजने का प्रयास किया गया था लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली है। शनिवार को दोबारा गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश करवाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *