बर्रा थाने की जनता नगर चौकी में गाय का फोटो और वीडियो वायरल

कानपुर। बर्रा थाने की जनता नगर चौकी में गाय का फोटो और वीडियो वायरल होने से पुलिस सक्रियता की पोल खोल कर रख दी। चौकी में कोई भी पुलिस कर्मी तो नहीं दिख रहा है। एक गाय आराम से चौकी में इधर-उधर टहलने के साथ ही गंदगी भी फैला रही है। डीसीपी साउथ ने पुलिस की लापरवाही का संज्ञान लिया है।

बर्रा थाने की जनता नगर चौकी शास्त्री चौक से बाईपास जाने वाले मेन रोड पर है। जनता नगर चौकी का शुक्रवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें चौकी पूरी खाली पड़ी हुई है और चौकी के अंदर एक गाय आराम से इधर-उधर टहल रही है। इतना ही नहीं चौकी के अंदर गोबर करने के साथ ही गंदगी भी फैला रही है। क्षेत्र की जागरूक जनता ने पुलिस सक्रियता की सच्चाई दिखाने के लिए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया और अफसरों को जवाब देने नहीं बन रहा है। बर्रा थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि जनता नगर चौकी प्रभारी से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। आखिर चौकी में एक भी पुलिस कर्मी क्यों नहीं था, अगर नहीं था तो ताला क्यों बंद नहीं था। डीसीपी साउथ ने भी पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए बर्रा थाना प्रभारी से रिपोर्ट मांगी है।

बर्रा थाने के जनता नगर चौकी इंचार्ज अर्पित तिवारी कुछ दिन पहले सस्पेंड हुए थे। इसके बाद से एसआई शेषपाल बतौर कार्यवाहक चौकी इंचार्ज की तरह कामकाज देख रहे हैं। चौकी इंचार्ज ने सफाई देते हुए बताया कि एक गाय चौकी में घुस गई तो डर की वजह से सभी दरोगा और सिपाही भागकर बाहर आ गए थे। इसके चलते चौकी में गाय थी। जबकि वीडियो में कोई भी पुलिस कर्मी नहीं दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *