कानपुर देहात में रक्षा सूत्र अभियान के तहत शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष व डीएम की मौजूदगी में शहीद स्मृति वाटिका में पचास पौधे लगाए गए। डीएम ने यहां मौल श्री का पौधा लगाया। इसके बाद रक्षा सूत्र बांधकर हरियाली संरक्षण की शपथ ली गई।
वन विभाग की ओर से पौधों की सुरक्षा के लिए रक्षा सूत्र बांधने का अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 29 अगस्त तक चलेगा। इसी क्रम में शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, डीएम जेपी सिंह, सीडीओ सौम्या पांडेय ने वन विभाग के रक्षा सूत्र अभियान के तहत मौल श्री, चितवन, वॉटल ब्रश, कनक चंपा, कचनार आदि के पचास पौधे रोपित किए।
इसके बाद अध्यक्ष व अफसरों ने रोपित पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर हरियाली संरक्षण पर जोर दिया। डीएम ने सभी को रोपित पौधों के संरक्षण की शपथ दिलाई। डीएफओ एके द्विवेदी ने अफसरों को सहजन के पौधे दिए।
उन्होंने बताया कि कलक्ट्रेट परिसर में शहीद स्मृति वाटिका/नेचर पार्क विकसित करने के लिए जुलाई में दो सौ पौधे लगाए जा चुके हैं। यहां एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, डीडीओ गोरखनाथ भट्ट, वन रेंजर सुदामा लाल, डिप्टी वन रेंजर अमित कुमार आदि मौजूद रहे।
