कानपुर। पीएम स्वनिधि योजना के तहत छोटे कामगारों को 10 हजार रुपए लोन देने में कानपुर को पहला स्थान मिला है। सोमवार को नगर निगम सदन हॉल में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सराहना की। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री नीलिमा कटियार, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, विधायक सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी, एमएलसी सलिल विश्नोई, पार्षद, महापौर प्रमिला पांडेय, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर पीएम आवास योजना की समीक्षा भी की गई।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल संवाद में बताया कि कानपुर नगर में निर्धारित लक्ष्य पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत 77,520 के सापेक्ष 68,641 लाभार्थियों को ऋण सैंक्शन और 59,126 लाभार्थियों को लोन खाते में भेजा गया। इसी प्रकार कानपुर जिले का प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 8,317 लाभार्थियों को प्रथम किस्त, 7095 लाभार्थियों को दूसरी और 2934 लाभार्थियों को तीसरी किस्त दी जा चुकी है। कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों को ज्यादा से ज्यादा मिले इसके लिए और तेजी से काम करना चाहिए।
सीएम के वर्चुअल संवाद के बाद पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना के 5-5 लाभार्थियों को सर्टिफिकेट दिए गए। जनप्रतिनिधियों ने सभी लाभार्थियों को योजना के सर्टिफिकेट वितरित किए गए।

