महिला पीड़ितों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के आदेश

कानपुर देहात। यूपी के डीजीपी मुकुल गोयल अपने कानपुर दौरे के दौरान पुलिस को मित्र बनने और महिला पीड़ितों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए थे। लेकिन कानपुर पुलिस अपने सबसे बड़े अफसर की बात को अनसुना कर पुराने ढर्रे पर ही काम कर रही है। ताजा मामला राजपुर थाने में सामने आया है। यहां 14 साल की किशोरी की मां ने बड़ा आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बिटिया को इंस्पेक्टर पिछले तीन दिनों से थाने बुलवा रहा था। रविवार को उसने बेटी को अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ छेड़छाड़ की। जिससे आहत होकर उसने जहर पी लिया।
राजपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव निवासी किसान अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रहते हैं। किसान पर गांव के दबंगों ने तेजाब से हमला किया था। जिससे वह झुलस गया। पीड़ित ने थाने में बीरन, गम्भीर, पप्पू, इंद्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। किसान की पत्नी का आरोप है कि इंस्पेक्टर विनोद कुमार पिछले तीन दिनों से उसकी नाबालिग बेटी को फोन कर थाने बुलवाते थे। उसके साथ गंदी-गंदी बातें करते। अपने कमरे में कई-कई घंटे से उसे बैठाकर रखते थे। वह जाने की कोशिश करती तो उसे धमकाते।
पीड़िता की मां का आरोप है कि रविवार को इंस्पेक्टर ने फोनकर फिर बेटी को थाने बुलाया। इस बार मैं खुद बेटी के साथ गई। इंस्पेक्टर ने महिला पुलिसकर्मी के जरिए बेटी को कमरे के अंदर बुलवाया। पीड़िता की मां का आरोप है कि इंस्पेक्टर इस दौरान बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। बेटी ने भागने का प्रयास किया तो उसने कमरा बंद कर लिया। किसी तरह से उसके चंगुल से छूटकर बाहर आई और पूरी घटना मुझे बताई।
पीड़िता की मां ने बताया कि इंस्पेक्टर की करतूत से बेटी अंदर से टूट चुकी थी। सोमवार को जन्माष्टमी पर्व पर उसने 50 रूपये प्रसाद के लिए मांगे। मैंने उसे पैसे दे दिया। वह बाजार से कीटनाशक जहर लेकर आई और उसे पी लिया। अचानक उसकी तबीयत जब खराब होने लगी तो उसके जेब मे कीटनाशक दवा की खाली शीशी मिली।
पीड़िता की मां ने बताया कि बेटी की हालत देख हम उसे जिला अस्पताल लेकर गए। गंभीर होने पर डॉक्टर्स ने उसे हैलट कानपुर के लिए रेफर कर दिया। जहां बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि 24 घंटे से बच्ची के बॉडी में कोई मूवमेंट नहीं हुआ है। फिलहाल उसकी कंडीशन बहुत खराब है। उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *