कानपुर देहात
कुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं के लोडर को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दो की मौत, 13 घायल
रनियां थाना क्षेत्र के खान चंद्रपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। प्रयागराज कुंभ से स्नान करके लौट रहे श्रद्धालुओं के लोडर को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
कानपुर देहात रनियां थाना क्षेत्र के खान चंद्रपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। प्रयागराज कुंभ से स्नान करके लौट रहे श्रद्धालुओं के लोडर को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के कमरुद्दीन नगर, नागलोई से करीब डेढ़ दर्जन श्रद्धालु एक लोडर में सवार होकर प्रयागराज कुंभ में स्नान करने गए थे। वापस लौटते समय, रनियां कस्बे के पास उनके वाहन को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर चालक वाहन के बोनट में बुरी तरह फंस गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। बोनट में फंसे चालक को निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक:ध्यान शाहू (उम्र 48 वर्ष), निवासी कमरुद्दीन नगर, नागलोई, दिल्ली (मूल निवासी: मथोल, दरभंगा, बिहार)
दया देवी (उम्र 50 वर्ष), निवासी मिल्की चक, थाना बलिया, बेगूसराय, बिहार
घायल में मनीषा (पत्नी अरविंद)
अरविंद मंडल (पुत्र मोहन मंडल)
गोलू (पुत्र अरविंद मंडल)
अंशिका (पुत्री अरविंद मंडल)
रमेश (पुत्र सत्यनारायण)
सोनम (पत्नी रमेश)
रिया कुमारी (पुत्री रमेश)
निलेश (पुत्र रमेश)
प्रिंस (पुत्र दिलीप)
आरती (पुत्री शंभू)
मंजू देवी (पत्नी ध्यान शाहू)
सावित्री देवी (पत्नी अरुण साहू)
अंबावती (पत्नी सनी)
थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी ने बताया कि सभी श्रद्धालु प्रयागराज से दिल्ली लौट रहे थे। खान चंद्रपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर यह हादसा हुआ। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और घायलों का जिला अस्पताल अकबरपुर में इलाज चल रहा है।
जिला अस्पताल अकबरपुर के सीएमएस डॉ. खालिद रिजवान ने बताया कि अस्पताल में 15 लोगों को लाया गया था, जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी। 13 घायल हैं, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
