अधिवक्ता संशोधन बिल को लेकर कानपुर के वकीलों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है. इसको लेकर गुरूवार को कचहरी में कई संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किए. इसके साथ ही शुक्रवार को अधिवक्ताअेां ने हड़ताल का भी ऐलान किया है. इस दौरान अधिवक्ताओं ने कानून मंत्री का पुतला फूंकने की भी बात कही है.
कचहरी में प्रदर्शन करते हुए अधिवक्ताओं ने कहा कि यह बिल वकीलों को गुलाम बनाने की मानसिकता के तहत लाया गया है. वकीलों को दंड और तीन लाख के जुर्माने समेत अन्य प्रावधानों को लेकर भी आक्रोश जताया गया. इसको लेकर कचहरी में पूर्व लॉयर्स अध्यक्ष रविंद्र शर्मा की अगुवाई में अधिवक्ता संशोधन अधिनियम की प्रतियों को फाड़ा गया.
उन्होंने कहा कि वकीलों पर प्रतिबंध लगाने के लिए यह बिल लाया गया है. विदेशी फर्मों को भी यहां पर लाने का आरोप लगाया गया. उन्होंने इस बिल को वापस लेने की भी मांग की है.
वहीं, बार एसोसिएशन अध्यक्ष इंदीवर बाजपेयी ने कहा कि इस बिल के विरोध में शुक्रवार को कचहरी में वकील हड़ताल पर रहेंगे. इसके अलावा 25 फरवरी को इसके विरोध में प्रदर्शन भी करेंगे,, उन्होंने इस बिल को काला कानून बताया है.
