
कानपुर 2 अप्रैल बुधवार
*नेहरू नगर अंध मूक विद्यालय के दिव्यांग बच्चों ने सांसद रमेश अवस्थी के सौजन्य से किया संसद भवन का अवलोकन*
कानपुर के नेहरू नगर स्थित अंध मूक विद्यालय के दिव्यांग बच्चों के लिए यह एक अविस्मरणीय अनुभव रहा जब उन्हें देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था – संसद भवन का भ्रमण करने का अवसर मिला। कानपुर के सांसद श्री रमेश अवस्थी द्वारा किए गए इस विशेष प्रयास के तहत विद्यालय के लगभग 80 बच्चों को बस द्वारा दिल्ली बुलाया गया और उन्हें संसद की कार्यवाही सुनने के साथ-साथ संसद भवन का भ्रमण भी कराया गया।
कुछ दिनों पूर्व सांसद रमेश अवस्थी ने अंध-मूक विद्यालय के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था जहां उन्होंने इन विशेष बच्चों के साथ समय बिताया जहां पर बच्चों ने आग्रह किया था कि हम भी संसद भवन का कर देख तो नहीं सकते परंतु महसूस तो कर ही सकते है तब श्री अवस्थी ने उनसे वादा किया कि वह उन्हें संसद भवन लेकर जाएंगे। अपने इस वादे को पूरा करते हुए, श्री अवस्थी ने बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था कर उन्हें संसद की कार्यवाही का अनुभव करने का अवसर प्रदान किया।
कल देर रात्रि, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्री इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में दिव्यांग बच्चों का दल सांसद द्वारा भेजी गई बस से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। दिल्ली पहुंचते ही बच्चों में अपार उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला। उन्होंने संसद भवन के विशाल प्रांगण का अवलोकन किया और वहां के ऐतिहासिक महत्व को समझा।
सांसद रमेश अवस्थी ने बच्चों से संवाद किया और उन्हें लोकतंत्र की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने कहा, आप भले देख न पाएं, लेकिन संसद की गरिमा और वहां की कार्यवाही को महसूस कर सकते हैं। हमारा प्रयास है कि आप भी देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नजदीक से समझें और प्रेरणा लें।
प्रधानाचार्या श्री इंद्रजीत सिंह ने सांसद रमेश अवस्थी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवसर बच्चों के लिए बेहद महत्वपूर्ण था, जिससे उन्हें संसदीय प्रक्रिया को समझने और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में भी मदद की है।
इस यात्रा के दौरान बच्चों ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण भी किया और देश के प्रमुख नेताओं के कार्यों से परिचित हुए।
यह प्रयास न केवल दिव्यांग बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव बना बल्कि यह दर्शाता है कि समाज में सभी के लिए समान अवसर प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। इस प्रेरणादायक पहल के लिए सांसद रमेश अवस्थी की आम जनमानस में सराहना की जा रही है।
