वक्फ सुधार जनजागरण अभियान को लेकर भाजपा की प्रेस वार्ता

 

विपक्ष पर वक्फ कानून को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप

 

कानपुर, नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में आज एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के अंतर्गत भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल ने विपक्षी दलों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वक्फ का मूल उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना है, लेकिन इसका वर्षों तक दुरुपयोग होता रहा।

प्रकाश पाल ने कहा कि वर्ष 1954 में वक्फ कानून अस्तित्व में आया था, जिसके अंतर्गत जिन लोगों ने अपनी संपत्ति गरीबों और जरूरतमंदों के लिए दान की, वह वक्फ संपत्ति मानी जाती है। लेकिन समय के साथ इस कानून का लाभ वास्तविक हकदारों को न मिलकर संपन्न लोगों को मिलने लगा, जिसमें कई राजनेता भी शामिल रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा यह प्रयास किया कि वक्फ का सही लाभ मुस्लिम समाज के गरीब तबके को न मिल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष ने तो वक्फ की जमीन पर होटल तक बनवा लिया, जो यह दर्शाता है कि इस कानून का किस हद तक दुरुपयोग हुआ है।

प्रकाश पाल ने यह भी कहा कि विपक्षी दलों ने कभी भी मुस्लिम समाज के गरीब वर्ग के हित की चिंता नहीं की। जब नागरिकता संशोधन कानून (CAA) लाया गया, तो इन्हीं लोगों ने मुस्लिम समाज को भड़काया और कहा कि उनकी नागरिकता छिन जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि आज तक क्या किसी भी देश में रहने वाले मुसलमानों की नागरिकता इस कानून के तहत गई है?

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल मुस्लिम समाज को अपना वोट बैंक मानता है और बार-बार भ्रम फैलाकर उन्हें गुमराह करता है। वर्तमान में भी वक्फ कानून में किए जा रहे सुधारों को लेकर यही लोग झूठी अफवाहें फैला रहे हैं, जबकि यह कानून मुस्लिम समाज को उनका वास्तविक हक दिलाने की दिशा में एक ठोस कदम है।

भाजपा नेता ने कहा कि जो लोग वर्षों से वक्फ की जमीन का व्यक्तिगत लाभ उठाते आ रहे हैं, वही आज इन सुधारों से परेशान हैं।इस प्रेस वार्ता में भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष श्री अनिल दीक्षित, दक्षिण जिला अध्यक्ष श्री शिवराम सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री सलिल विश्नोई, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्रीउपेंद्र पासवान, पूर्व विधायक श्री रघुनंदन भदौरिया, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी श्री अनूप अवस्थी और जिला मीडिया प्रभारी श्री अनुराग शर्मा सहित ,जितेंद्र विश्वकर्मा विनय पटेल जिशान अहमद सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *