कानपुर
गोरखपुर चिड़ियाघर के लोकप्रिय शेर ‘पटौदी’ का गुरुवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। 17 वर्षीय पटौदी को गंभीर रूप से बीमार पाए जाने के बाद बेहतर उपचार के लिए कानपुर चिड़ियाघर रेफर किया गया था। जांच में उसके लिवर और पैंक्रियास में गंभीर संक्रमण की पुष्टि हुई थी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी था, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका।
चिड़ियाघर की निदेशक श्रद्धा यादव ने बताया कि शेर की मौत के बाद चिड़ियाघर परिसर में व्यापक सेनीटाइजेशन कराया जा चुका है। इस बीच गोरखपुर चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए पूरे उत्तर प्रदेश के सभी चिड़ियाघरों को 20 मई तक बंद कर दिया गया है।
बुधवार को गोरखपुर जू से 13 सैंपल लेकर उन्हें राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान, भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा संक्रमण की किसी भी आशंका को गंभीरता से लिया जा रहा है और सभी आवश्यक सावधानियाँ बरती जा रही हैं।
