पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी को भाजपाईयों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया के बोइंग ड्रीमलाइनर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी जी के दुखद निधन का समाचार मिलते ही भारतीय जनता पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई।शुक्रवार को केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के निधन पर एक शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय विजय रुपाणी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि विजय रुपाणी का असमय निधन भारतीय जनता पार्टी की अपूरणीय क्षति है। वे संगठन के विभिन्न स्तरों पर सक्रिय रहकर जनसेवा के उच्च आदर्श स्थापित करने वाले कर्मठ नेता थे।
उन्होंने कहा कि विजय रुपाणी जी ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा भारतीय जनता पार्टी में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। आपातकाल के दौरान वे ग्यारह माह जेल में भी बंद रहे। उन्होंने 1996 से 1997 तक राजकोट के महापौर और 2016 से 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया।
2014 में मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल द्वारा पहले कैबिनेट विस्तार में उन्हें परिवहन, जल आपूर्ति, साथ ही श्रम और रोजगार मंत्री के बनाया गया। 19 फरवरी 2016 से अगस्त 2016 तक रूपाणी जी गुजरात भाजपा के अध्यक्ष रहे।
सभा में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
प्रमुख रूप से राम बहादुर यादव,गणेश शुक्ला,मनीष त्रिपाठी, अर्जुन बेरिया, अनुराग शुक्ला,वंदना गुप्ता, अनूप तिवारी, संजीव बेरी, मधु तिवारी,पप्पू पंडित,बिंदु अग्रवाल, गिरीश बाजपेई आदि मौजूद रहे।
