कानपुर नगर
मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले जुलूस की तैयारियों को लेकर उपजिलाधिकारी नर्वल विवेक मिश्र द्वारा आज रात्रि थाना महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत संबंधित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसएचओ महाराजपुर के साथ मिलकर पूरे जुलूस मार्ग का गहन अवलोकन किया और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जुलूस मार्ग पर यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को समय रहते पूरी तरह से सुचारु किया जाए। उन्होंने पुलिस विभाग को आवश्यक संख्या में पुलिस बल तैनात करने तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से सतर्क रहने के निर्देश दिए।
खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि मार्ग की समुचित सफाई कराई जाए और बारिश की संभावना को देखते हुए जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों को तैनात रखा जाए, जिससे किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की और कहा कि मोहर्रम के जुलूस के दौरान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
