*वायरल वीडियो के प्रकरण में सीडीओ ने गठित की जांच समिति*
कानपुर नगर, 28 जुलाई 2025।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के प्रकरण का संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने जांच के लिए द्विसदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, कानपुर नगर तथा अपर नगर मजिस्ट्रेट (प्रथम), कानपुर नगर को नामित किया गया है।
समिति को निर्देशित किया गया है कि वह सात दिवसों के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करे। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कथित रूप से खंड विकास अधिकारी, बिधनू के कार्यालय कक्ष में रुपये के लेन-देन से संबंधित दृश्य सामने आए हैं। प्रशासन द्वारा इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए समुचित जांच की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
