*एक राष्ट्र एक चुनाव अभियान को कानपुर से मिली नई गति, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया मैराथन दौड़ का शुभारंभ*

कानपुर,13 सितंबर – एक राष्ट्र एक चुनाव के जनजागरण अभियान को गति देने के उद्देश्य से आज कानपुर महानगर में भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने फूलबाग चौराहा स्थित दीनदयाल उपाध्याय प्रतिमा से हजारों की संख्या में जुटे युवाओं, शिक्षकों, व्यापारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को रवाना किया। जनजागरण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागी एक राष्ट्र एक चुनाव के संदेश वाले टी-शर्ट पहनकर और हाथों में प्ले कार्ड लिए मैराथन दौड़ में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री *केशव प्रसाद मौर्य* ने इस अवसर पर कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव का प्रस्ताव पॉलिसी पैरालिसिस को कम करने, संसाधनों के बेहतर आवंटन, दीर्घकालिक नीति निर्धारण, राजनीतिक स्थिरता को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक धन की बचत का वादा करता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान चुनाव प्रणाली बार-बार अलग-अलग समय पर चुनाव कराने से जनशक्ति, सरकारी मशीनरी और वित्तीय संसाधनों का अत्यधिक दुरुपयोग होता है। एक साथ चुनाव कराने से देश का लगभग 1.5% जीडीपी यानी 4.5 लाख करोड़ रुपए की बचत संभव होगी। इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में सुधार हेतु किया जा सकेगा, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी।

श्री मौर्य ने यह भी स्पष्ट किया कि बार-बार चुनाव के कारण सरकारी कामकाज बाधित होता है और नीतिगत कार्यों पर रोक लग जाती है। एक राष्ट्र एक चुनाव लागू होने से सरकार बिना रुकावट के योजनाओं को समयबद्ध रूप से लागू कर सकेगी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश संयोजक एक राष्ट्र एक चुनाव अभियान *अनूप गुप्ता* ने बताया कि स्वतंत्रता के बाद से 1952 से 1967 तक लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते थे। किन्तु बाद में राजनीतिक स्वार्थों के कारण यह परंपरा टूट गई। उन्होंने बताया कि 1967 से 1980 के मध्य देश में राजनीतिक उथल-पुथल के चलते इस व्यवस्था को तोड़ दिया गया था।

भाजपा बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष *प्रकाश पाल* ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव लोकतंत्र को मजबूत करेगा। बार-बार अलग-अलग चुनाव होने से मतदाता की राजनीतिक निराशा बढ़ती है और मतदान प्रतिशत घटता है। 2024 में एक साथ हुए चुनाव में चार राज्यों में मतदान प्रतिशत (आंध्र प्रदेश-81%, उड़ीसा-74%, अरुणाचल-81%, सिक्किम-82%) स्पष्ट उदाहरण हैं कि एक साथ चुनाव होने पर मतदाता अधिक संख्या में मतदान में भाग लेते हैं।

पद्मश्री एथलीट *सुधा सिंह* ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव से युवा वर्ग को अधिक राजनीतिक भागीदारी का अवसर मिलेगा। बार-बार चुनाव होने से राजनीतिक व्यक्तित्व विचलित हो जाता है, लेकिन एक साथ चुनाव से सही लोगों को जनता के बीच से चुनने का अवसर मिलेगा। इससे लोकतंत्र का विकाश होगा और जनता का विश्वास सशक्त बनेगा।

इस प्रेरणादायक मैराथन दौड़ में हजारों लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एक राष्ट्र एक चुनाव के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

मैराथन दौड़ में सांसद रमेश अवस्थी सलिल विश्नोई विधायक महेश त्रिवेदी सुरेंद्र मैथानी नीलिमा कटियार राम किशोर साहू अभिषेक कौशिक प्रशांत द्विवेदी अनीता गुप्ता पूनम द्विवेदी जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित शिवराम सिंह पूर्व मंत्री बालचंद्र मिश्रा रघुनंदन भदौरिया सुरेश अवस्थी आदि थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *