
कानपुर
नर्वल में पारिवारिक विवाद से हत्या, गांव में दहशत का माहौल
कानपुर नगर। थाना नर्वल क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते आज शनिवार को एक युवक की उसके छोटे भाई ने हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, सर्वेश कुमार (30) पुत्र नेकपाल कुरील का पारिवारिक विवाद को लेकर अपने छोटे भाई पीयूष कुमार (17) से झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर पीयूष ने बांका-चपड़ से हमला कर सर्वेश की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। सर्वेश का रक्तरंजित शव घटनास्थल पर पड़ा मिला, जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज पाली, उप निरीक्षक अमर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या के बाद आरोपी छोटे भाई पीयूष की तलाश में पुलिस की दो टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
