*नवरात्रि एवं दशहरा की शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित*

 

कानपुर, 20 सितम्बर 2025: आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था, श्री आशुतोष कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।

 

यह बैठक पुलिस ऑफिस सभागार कक्ष, सिविल लाइंस में आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में पुलिस उपायुक्तगण, नगर आयुक्त, एडीएम (नगर), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, अभियोजन अधिकारी के साथ-साथ जल संस्थान, विद्युत विभाग, नगर निगम और छावनी परिषद के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

 

बैठक का मुख्य उद्देश्य पर्वों के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक व्यापक रणनीति पर चर्चा करना और सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करना था। संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था ने सभी संबंधित विभागों से इन पर्वों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता और नागरिक समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया।

 

इस दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा, बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा अन्य सभी जरूरी मदों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सभी अधिकारियों ने इन पर्वों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूर्ण तैयारी और सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *