कानपुर; दिनांक – 28.09.2025
*भगत सिंह जयंती पर देशभक्ति से सराबोर विशेष मेट्रो राइड का हुआ आयोजन*

*राइड के दौरान ट्रेन में शहीद भगत सिंह के जीवन से जुड़ी तस्वीरों की लगी प्रदर्शनी*

कानपुर मेट्रो ने आज शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर गोल्डन क्लब एवं फिजा (फेडरेशन ऑफ इंडियन जर्नलिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स) के सहयोग से एक विशेष मेट्रो राइड का आयोजन किया। इस दौरान देशभक्ति के माहौल में यात्रियों ने न केवल मेट्रो राइड का आनंद लिया, बल्कि शहीद भगत सिंह के जीवन से जुड़ी तस्वीरों की प्रदर्शनी भी देखी। प्रदर्शनी के माध्यम से यात्रियों को उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं से परिचित होने का अवसर मिला।

प्रदर्शनी में शहीद भगत सिंह के बचपन, छात्र जीवन, पैतृक घर, माता-पिता और कारावास के समय की तस्वीरें शामिल थीं। साथ ही राजगुरु, सुखदेव, यतीन्द्र नाथ दास जैसे उनके साथी क्रांतिकारियों की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गईं। विशेष रूप से, भगत सिंह द्वारा उपयोग किए गए पेन, वस्त्र और बूट की तस्वीरें भी प्रदर्शनी का हिस्सा थीं।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा, “शहीद भगत सिंह का बलिदान भारत के स्वतंत्रता संग्राम का एक अमर अध्याय है, जिससे हर देशवासी सदैव प्रेरणा लेता है। अन्याय के विरुद्ध और आजादी की लड़ाई में उन्होंने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। वे एक होनहार विद्यार्थी होने के साथ-साथ साहस और जज्बे की मिसाल थे। हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करना चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *