गोविंद नगर विधानसभा में मतदाता सूची मैपिंग में गंभीर विसंगतियों पर मा. विधायक श्री सुरेंद्र मैथानी जी ने जिलाधिकारी को लिखा पत्र
कानपुर, 10 जनवरी 2026ः
गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची मैपिंग प्रक्रिया को लेकर स्थानीय विधायक श्री सुरेंद्र मैथानी जी ने जिलाधिकारी, कानपुर नगर को गंभीर पत्र लिखकर प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में विधायक जी ने बताया कि क्षेत्र में लगभग 3.37 लाख पंजीकृत मतदाताओं में से केवल 2.04 लाख मतदाताओं की ही मैपिंग पूरी हो पाई है, जबकि करीब 34 हजार मतदाता आज भी बिना मैपिंग के हैं। यह कुल मतदाताओं का लगभग 14.30 प्रतिशत बनता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में कुल प्रगति केवल 6,826 मतदाताओं तक ही सीमित रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वर्तमान कार्यप्रणाली प्रभावी नहीं है।
विधायक जी ने कहा कि कई पुराने और नियमित मतदान करने वाले मतदाता भी अब यह नहीं जान पा रहे हैं कि उनका नाम सही तरीके से मैप हुआ है या नहीं। इससे आम नागरिकों में भ्रम और प्रशासन के प्रति अविश्वास पैदा हो रहा है। मैथानी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आगामी चुनावों में बड़ी संख्या में पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग नहीं कर पाएंगे।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं द्वारा फॉर्म भरे और उन्हें पंजीकृत भी किया गया। लेकिन मैपिंग न होने या तकनीकी त्रुटियों के कारण कई मतदाता अंतिम सूची में शामिल नहीं हो पाए।
इस अवसर पर मा. विधायक जी ने प्रशासन से अपील की कि वे मतदाता सूची मैपिंग की स्थिति की तत्काल समीक्षा करें और प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए ठोस कदम उठाएँ, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
संज्ञान हेतु प्रतिलिपिः
मा. रमेश अवस्थी, सांसद लोकसभा, कानपुर।
विपिन दुबे- गोविन्द नगर विधानसभा कार्यालय प्रभारी
