गाली-गलौज का विरोध करना पड़ा भारी, दबंगों ने मां-बेटे को पीटा; युवक का पैर टूटा
बिल्हौर | कानपुर नगर।बिल्हौर थाना क्षेत्र के माखन निवादा गांव में बुधवार शाम गाली-गलौज का विरोध करने पर दबंगों ने मां-बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों से हुई बेरहमी की पिटाई में युवक का पैर टूट गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची मां को भी पीटा गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।गांव निवासी मुन्नी देवी पत्नी श्रीकृष्ण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे गांव के ही रूप सिंह, शिव सिंह और उनकी पत्नी सरस्वती ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों आरोपी उग्र हो गए और मारपीट पर उतर आए।इसी दौरान मुन्नी देवी का पुत्र ज्ञान सिंह बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हमले में ज्ञान सिंह का पैर टूट गया और सिर में गंभीर चोटें आईं। वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।बेटे की चीख-पुकार सुनकर मां उसे बचाने दौड़ीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी धमकी देते हुए फरार हो चुके थे।घटना के बाद परिजनों ने घायल युवक को संभाला और उपचार की व्यवस्था की। इसके बाद पीड़ित मां-बेटा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया।थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल युवक को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
