#कानपुर नगर

 

*डाकघर एजेंट दंपत्ति गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का आरोप*

 

 

कानपुर। पोस्ट ऑफिस के माध्यम से एक दंपत्ति द्वारा सैकड़ों लोगों के करोड़ों रुपये ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शहर के नारायणपुरवा निवासी आशीष अवस्थी और उसकी पत्नी अनूजा अवस्थी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने लंबे समय तक डाक एजेंट के रूप में काम करते हुए लोगों से पैसे लेकर उनके रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी) और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) खाते तो खुलवा दिए, लेकिन जमा पैसा डाकघर में जमा नहीं कराया। बल्कि फर्जी पासबुक और चेक देकर ग्राहकों को भ्रम में रखा।

 

मामला लादूश रोड निवासी विनीता सोनकर और उनके पति सौरभ सोनकर की शिकायत पर सामने आया। शिकायत के अनुसार, आशीष अवस्थी और उसके परिवार ने पिछले कई वर्षों से उनके चार आरडी और दो एफडी खाते खुलवाए और लाखों रुपये की मासिक किश्तें नकद वसूलीं। हालांकि, जब एक आरडी खाते की निकासी का समय आया तब परिपक्व राशि का चेक बाउंस हो गया और डाकघर से जानकारी करने पर सनसनीखेज खुलासा हुआ, पता चला कि डाकघर के रिकॉर्ड में या तो बहुत कम राशि जमा थी या खाते ही नहीं थे, जबकि शिकायतकर्ताओं को दी गई पासबुक में फर्जी प्रविष्टियां दर्ज थीं।

 

पैसे वापसी की मांग और कानूनी कार्रवाई की धमकी देने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता के पति को जातिसूचक गालियां देकर और उनके कार्यालय में जाकर उन्हें तथा उनके कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपियों का एक गैंग भी सक्रिय बताया जा रहा है।

 

शिकायतकर्ता की एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आशीष अवस्थी और अनूजा अवस्थी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आरोपियों की मां नीलम अवस्थी की संलिप्तता और अन्य शिकायतों की भी जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि यह एक बड़े ठगी सिंडिकेट का हिस्सा हो सकता है, जिसने कई नागरिकों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *