परफ्यूम कारोबारी के ठिकानों पर आयकर सर्वे, देर रात तक खंगाले कागजात

कानपुर। शहर के पुराने परफ्यूम कारोबारी के आधा दर्जन ठिकानों पर गुरुवार को आयकर विभाग ने एक साथ सर्वे की कार्रवाई की। दोपहर करीब तीन बजे आयकर विभाग की टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचीं और देर रात तक कागजातों की जांच करती रहीं। बताया जा रहा है कि संबंधित कारोबारी के पान मसाला उद्यमियों से जुड़े कारोबार में बड़े स्तर पर टैक्स चोरी और वित्तीय गड़बड़ियों की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल आयकर विभाग के अधिकारियों ने इस संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ भी बताने से इनकार किया है।

आयकर विभाग की टीमों ने कारोबारी के एक्सप्रेस रोड स्थित मुख्य कार्यालय, कैनाल रोड, हरबंश मोहाल स्थित पुराने मकान में बने गोदाम के अलावा स्वरूप नगर समेत कुल छह स्थानों पर एक साथ सर्वे किया। इस कार्रवाई में 30 से अधिक आयकर अधिकारियों को लगाया गया है। जांच के दौरान अधिकारियों को खरीद-फरोख्त के दस्तावेजों में गड़बड़ियों के साथ अधिक मुनाफा होने के बावजूद कम टैक्स जमा किए जाने के संकेत मिले हैं। टीमों ने मौके से कागजी दस्तावेजों के साथ कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारियों ने कारोबारी और कर्मचारियों से भी पूछताछ की।

सूत्रों के अनुसार सर्वे के दौरान ऐसे कई साक्ष्य सामने आए हैं जिनका स्पष्ट हिसाब-किताब नहीं मिल पा रहा है। आयकर विभाग की टीमें देर रात तक दस्तावेजों की जांच और पड़ताल में जुटी रहीं।

दोपहर के समय जब चार सरकारी गाड़ियों से आयकर विभाग के अधिकारी एक्सप्रेस रोड स्थित कार्यालय पहुंचे तो आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। भारत सरकार लिखी गाड़ियों को देखकर आसपास के दुकानदार और व्यापारी भी हैरान रह गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। कुछ व्यापारी नेता भी वहां पहुंचे, लेकिन आयकर विभाग की कार्रवाई की जानकारी होते ही वह वापस लौट गए। फिलहाल विभाग की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *