सेंट्रल स्टेशन पर वरिष्ठ अधिकारियों का निरीक्षण, निर्माण कार्य और यात्री सुविधाओं की ली जानकारी

कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लेने के लिए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (सीसीएम) मनोज सिंह, एडीआरएम दीपक कुमार और आईजी आरपीएफ प्रदीप कुमार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी स्टेशन पहुंचे। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित विभागों से कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए।

अधिकारियों ने स्टेशन के दोनों ओर बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया का भी मुआयना किया और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर डिप्टी सीटीएम आशुतोष सिंह, एसीएम पवन कुमार, सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा, आरपीएफ प्रभारी एस.एन. पाटीदार, सीआईटी लाइन अमर सिंह मीना और टिकट निरीक्षक रोमित चतुर्वेदी सहित रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *