बिल्हौर में एक ही रात तीन बंद घरों में चोरी, नकदी-जेवरात लेकर फरार हुए चोर

 

बिल्हौर, कानपुर नगर। कस्बे में चोरों ने एक ही रात में तीन बंद मकानों को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वाकये की इत्तला मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी। एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कुछ संदिग्धों की हरकतें कैद हुई हैं, हालांकि उनके चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं।मुरादनगर निवासी नरेश कटियार रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरे व बक्सों के ताले तोड़कर सोने की माला, दो जोड़ी तोड़िया, चांदी की पायल और करीब 20 हजार रुपये नकद समेट ले गए।उधर त्रिवेणीगंज बाजार में किराये के मकान में रहने वाले शुभम पटेल भी अपनी पत्नी के साथ गांव गए थे। चोरों ने ताला तोड़कर घर में रखी दो जोड़ी चांदी की पायल और गुल्लक में रखे करीब 12 हजार रुपये निकाल लिए।इसी रात ददिखा गांव निवासी सुभाष कटियार के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया और नकदी व जेवरात पार कर दिए।पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। पुलिस सुराग के आधार पर तहकीकात कर रही है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया जा रहा है

 

एक्सप्रेसवे सर्विस रोड किनारे मिला युवक का शव, सड़क हादसे की आशंका

 

बिल्हौर, कानपुर नगर। बिल्हौर थाना इलाके में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड किनारे गुरुवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई। इत्तला मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।मामला अरौल-मकनपुर मार्ग पर खड़ेंचा गांव के पास का है। मृतक की पहचान असलम (38) पुत्र हामिद अली, निवासी भुन्ना गांव, थाना ठठिया जनपद कन्नौज के तौर पर हुई है। शव के पास उसकी बाइक खड़ी मिली, जबकि मोबाइल फोन टूटा हुआ पड़ा था।इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव के मुताबिक मृतक के माथे पर चोट के निशान और शरीर पर घिसटने के आसार मिले हैं। वहीं सड़क और बाइक पर भी घिसाव के निशान पाए गए हैं।प्रथम नजर में मामला किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए सड़क हादसे का मालूम होता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।

 

शिवराजपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरी, कैमरा व प्रोजेक्टर गायब

 

शिवराजपुर, कानपुर नगर। कस्बे के उच्च प्राथमिक विद्यालय शिवराजपुर प्रथम में होली की छुट्टियों के दौरान अज्ञात चोरों ने प्रशिक्षण हॉल का ताला तोड़कर कैमरा, प्रोजेक्टर और केबल चोरी कर लिए। घटना का खुलासा गुरुवार दोपहर उस वक्त हुआ जब प्रधानाध्यापक सत्य प्रकाश बाजपेई प्रशिक्षण हॉल खोलने पहुंचे।ताला टूटा और सामान गायब देखकर उन्होंने फौरन खंड शिक्षा अधिकारी कृपा शंकर यादव को इत्तला दी। उनकी संस्तुति पर प्रधानाध्यापक ने शिवराजपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।प्रधानाध्यापक ने यह भी कहा कि छुट्टियों के दौरान स्कूल परिसर में अराजक तत्वों की आवाजाही और नशेबाजी की शिकायतें मिलती रहती हैं। ऐसे में इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है, ताकि इस तरह के वाकयों पर लगाम लग सके।

 

नेवादा टोल पर सड़क सुरक्षा जागरूकता मुहिम, लोगों को दिलाई गई शपथ

 

बिल्हौर, कानपुर नगर। नेवादा टोल प्लाजा पर 55वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस साल अभियान की थीम “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” रखी गई है कार्यक्रम का आयोजन एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव के निर्देश पर बिठूर-कानपुर हाईवे प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किया गया। प्रोजेक्ट मैनेजर अजय सिंह ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के मुताबिक पूरे हफ्ते सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।इस मुहिम के तहत स्कूलों में स्लोगन, क्विज, पेंटिंग प्रतियोगिता, रैली और नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही टोल से गुजरने वाले वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप भी लगाए गए।सीआरओ यशवंत प्रजापति ने सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए लोगों से ट्रैफिक नियमों की पाबंदी करने की अपील की। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी सुधीर श्रीवास्तव समेत टोल के कई कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *