*प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में कानपुर नगर प्रदेश में दूसरे स्थान पर*

 

*76 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन की क्षमता विकसित*

 

कानपुर नगर।

 

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कानपुर नगर में सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना तेजी से बढ़ रही है। वर्ष 2024 में शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत जनपद में अब तक कुल 25,335 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे लगभग 76 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन की क्षमता विकसित हो चुकी है।

 

नवीकरणीय ऊर्जा विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में 3,859, वर्ष 2025 में 16,113 तथा वर्ष 2026 में 11 मार्च तक 5,363 सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाए जा चुके हैं। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण फरवरी माह की रैंकिंग में कानपुर नगर ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

 

जनपद में इस योजना के तहत वर्तमान में लगभग 250 वेण्डर कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से करीब 1,500 लोगों को रोजगार मिला है। सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना से जनपद में लगभग 380 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जबकि लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 230 करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान वितरित किया जा चुका है।

 

योजना के प्रभावी संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है। केस्को, दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड, बैंकर्स और वेण्डर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति दी जा रही है।

 

मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने सोलर रूफटॉप वेण्डर्स को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में किया जाए। साथ ही वर्तमान में हो रही औसत स्थापना की गति को तीन गुना तक बढ़ाकर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से लाभान्वित करने पर जोर दिया।

 

मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना आम उपभोक्ताओं को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जनपद में सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के समन्वय से योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और अधिकाधिक घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *