कानपुर; दिनांकः 28.02.2025

*गीता नगर स्टेशन पर आयोजित मॉक ड्रिल में आतंकवादी हमले से निपटने का हुआ अभ्यास*

 

*मॉक ड्रिल के दौरान मेट्रोकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी से पकड़ा गया आतंकवादी*

 

*त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी और व्यवस्थित सुरक्षा उपायों का हुआ परीक्षण*

 

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यूपीएमआरसी ने आतंकवादी हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए गुरूवार और शुक्रवार की दरमियानी रात में अपने गीता नगर स्टेशन पर एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। मॉक ड्रिल का आयोजन मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा स्थितियों का विश्लेषण करने और इन स्टेशनों पर तैनात कर्मचारियों को यह समझाने के लिए किया गया था कि किसी अप्रिय घटना के होने पर स्थिति को यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावी ढंग से कैसे संभालना है। इस दौरान स्टेशन कंट्रोलर को स्टेशन परिसर में किसी संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश करने की सूचना दी गई। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्टेशन कंट्रोलर ने स्टेशन पर तैनात विशेष सुरक्षा बल के प्रभारी और ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर को अलर्ट किया। जानमाल की हानि होने से रोकने के लिए स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बंद कर दी गई। विशेष सुरक्षा बल की टीम स्टेशन के दोनों गेट से घटनास्थल पर पहुंची और संदिग्ध को पकड़ लिया। इस मानक प्रक्रिया का पालन करने के बाद, मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक समाप्त हो गई।

 

*मॉक ड्रिल के दौरान हुए घटनाक्रम*

गीता नगर मेट्रो स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति का आगमन होता है। यह व्यक्ति दरअसल एक हथियारबंद आतंकवादी है जो हमले के लिए उचित मौके की तलाश में है। वह स्टेशन के अनपेड एरिया में टिकट काउंटर के आसपास मंडराने लगता है। तभी, पास में सफाई कर रहे एक मेट्रो हाउसकीपिंग स्टाफ की नजर उसपर पड़ती है। उन्हें व्यक्ति की हरकतों पर संदेह होता है और वे तुरंत इसकी सूचना स्टेशन कंट्रोलर को देते हैं। स्टेशन कंट्रोलर जानकारी मिलते ही सतर्क हो जाते हैं और जाकर विशेष सुरक्षा बल के स्टेशन प्रभारी को अलर्ट करते हैं। इसके बाद इस घटनाक्रम के विषय में ऑपरेशन कंट्रोल रूम को भी सूचित कर दिया जाता है। स्टेशन कंट्रोलर का निर्देश पाकर मेट्रो के सुरक्षाकर्मी प्रवेश और निकास द्वारों से यात्रियों की आवाजाही तुरंत रोक देते हैं। विशेष सुरक्षा बल की टीम दोनों गेटों से वहां पहुंचती है और देखते ही देखते आतंकवादी खुद को सुरक्षा बल के सिपाहियों से घिरा पाता है। सुरक्षाकर्मी आतंकवादी से उसका हथियार छीन लेते हैं और उसे अपने गिरफ्त में लेकर पूछताछ के लिए सुरक्षा कक्ष में ले जाते हैं। इस तरह से मेट्रोकर्मी और सुरक्षाकर्मी मिलकर अपने समन्वय और मुस्तैदी से एक आतंकवादी के मंसूबों को नाकाम करने में सफल होते हैं।

 

मॉक ड्रिल समाप्त होने के पहले और बाद में वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों ने सभी उपस्थित कानपुर मेट्रो स्टाफ और अधिकारियों को इस तरह की आपात स्थितियों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

 

बता दें कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यूपीएमआरसी द्वारा नियमित अंतराल पर अपातकालीन स्थितियों जैसे फायर फाइटिंग, फर्स्ट एड आदि पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाता है। इस दौरान मेट्रोकर्मियों को ऐसी घटनाओं से निपटने की ट्रेनिंग मिलती है, साथ ही वे ऐसी परिस्थितियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं से भी अवगत होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *