*उत्तर प्रदेश @2047: प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप विकसित प्रदेश की ओर अग्रसर*
> 2047 तक विकसित उत्तरप्रदेश के मॉडल तैयार करने की रूप रेखा हुई साझा ।
> मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी ने मांगे सुझाव, विभागों संग बैठक कर साझा की रणनीति
कानपुर: उत्तर प्रदेश, भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का केंद्र होने के साथ-साथ, देश की राजनीतिक चेतना और आर्थिक प्रगति का सशक्त वाहक बनकर उभर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘विकसित भारत @2047’ की परिकल्पना के तहत उत्तर प्रदेश इस मिशन को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार है। इस दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कानपुर दौरे के दौरान ‘विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ कार्ययोजना का रोडमैप साझा किया।
अवस्थी ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया था कि “भारत आज विश्व का ब्राइट स्पॉट है और उत्तर प्रदेश इसकी ग्रोथ का प्रमुख चालक बन चुका है।” उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से 2025 तक उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा, सुशासन और विकास की मजबूत नींव रखी है। इस आधार पर अब लक्ष्य है कि 2047 तक उत्तर प्रदेश को भारत का सबसे विकसित और अग्रणी राज्य बनाया जाए।
‘विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ की कार्ययोजना विशेषज्ञों की सलाह और जन सहभागिता के साथ तैयार की जा रही है। यह योजना सामाजिक-आर्थिक विकास, डिजिटल इंडिया के दृष्टिकोण, नवाचार, बुनियादी ढांचे, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और हरित विकास जैसे क्षेत्रों में समग्र प्रगति पर केंद्रित है। अवस्थी ने जोर देकर कहा कि इस कार्ययोजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश केंद्र, कुशल मानव संसाधन का गढ़ और भारत की आर्थिक प्रगति का सर्वोच्च स्तंभ बनाया जाएगा।
