
भाजपा रायपुरवा व जनरल गंज मंडल में दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान वर्ग का हुआ समापन
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी रायपुरवा व जनरल गंज मंडल में चल रहे दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान वर्ग का आज चार सत्रों के साथ विधिवत समापन हुआ। कार्यक्रम में संगठनात्मक मजबूती, बूथ प्रबंधन एवं सोशल मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। रायपुरवा मंडल में समापन सत्र पर बोलते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने संगठन की कार्य पद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। यहां नमामि गंगे के प्रदेश संयोजक श्री कृष्ण दीक्षित बड़े जी रहे।
जबरलगंज मंडल में
मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने भाजपा के इतिहास, विकास एवं विचार विषय पर बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक लोकतांत्रिक संगठन है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर बूथ अध्यक्ष तक चुनाव की प्रक्रिया से चुने जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करते हैं और संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
चतुर्थ सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बूथ प्रबंधन, मन की बात कार्यक्रम एवं टिफिन बैठक विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा। कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से बूथ स्तर पर संपर्क अभियान चलाना चाहिए तथा टिफिन बैठकों के माध्यम से संवाद बढ़ाना चाहिए।
सोशल मीडिया के क्षेत्रीय सह संयोजक हर्ष द्विवेदी ने सोशल मीडिया एवं नमो एप की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री विजया तिवारी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। चुन्नीगंज मंडल में महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा,व अवधेश सोनकर, नरमऊ में शिवांग मिश्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष योगेश पांडे ने की तथा संचालन मंडल महामंत्री आशीष तिवारी ने किया।भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि कानपुर उत्तर जिले के 14 मंडलों में से 12 मंडलों का 24 घंटे प्रवास का प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हो चुका और आज बचे दो मंडलों गीतनगर व कल्याणपुर का प्रारंभ हुआ।
इस अवसर पर जिला मंत्री विनोद गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद आदर्श गुप्ता, विकास जायसवाल, अमित गुप्ता, मंजू त्रिपाठी, योजना बाजपेई, उर्मिला अवस्थी सहित मंडल के सभी अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
