चलती ट्रेन में गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा, आरपीएफ की तत्परता से सेंट्रल पर सुरक्षित जन्मी बच्ची
कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर इंसानियत और तत्परता की एक मिसाल देखने को मिली, जब चलती ट्रेन में एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। मौके पर मौजूद आरपीएफ की टीम और डॉक्टरों की तत्परता से महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराई गई और मां-बेटी दोनों को स्वस्थ बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को 12368 डाउन ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही सूचना मिली कि एक महिला यात्री को तेज लेबर पेन हो रहा है। सूचना मिलते ही आर पी एफ पोस्ट पर तैनात “मेरी सहेली” टीम की महिला कांस्टेबल रश्मि सचान और विनीता तुरंत मौके पर पहुंचीं और महिला को संभालते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
महिला की हालत को देखते हुए तुरंत चिकित्सा सहायता के लिए मधुराज हॉस्पिटल के डॉक्टर विवेक अपनी टीम के साथ स्टेशन पहुंचे। इसके बाद महिला को स्ट्रेचर के माध्यम से प्लेटफॉर्म नंबर एक स्थित रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल डिलीवरी कराई।
बताया गया कि महिला यात्री सीता देवी (27 वर्ष), निवासी नालंदा, बिहार ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद डॉक्टरों ने आगे के इलाज के लिए मां और नवजात को उर्सला हॉर्समैन मेमोरियल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उन्हें एंबुलेंस से भेजा गया।
परिजनों ने समय रहते मदद करने के लिए आरपीएफ टीम और डॉक्टरों का आभार जताया। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनाएं किसी की भी जिंदगी बचा सकती हैं।
