कानपुर सेंट्रल को मिले नए स्टेशन डायरेक्टर, अकांशु गोविल ने संभाला कार्यभार
कानपुर। उत्तर मध्य रेलवे में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के वर्ष 2012 बैच के अधिकारी अकांशु गोविल ने उप मुख्य यातायात प्रबंधक एवं स्टेशन डायरेक्टर, कानपुर के पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार संभालने से कानपुर सेंट्रल स्टेशन के संचालन और प्रबंधन में नई ऊर्जा और अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अकांशु गोविल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने रेलवे में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए व्यापक प्रशासनिक और परिचालन अनुभव अर्जित किया है। वे इससे पहले आगरा और प्रयागराज में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के पद पर कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने रेल संचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
प्रयागराज में वर्ष 2019 के कुंभ और वर्ष 2025 के महाकुंभ के दौरान विशाल रेल संचालन व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके लिए उन्हें रेल मंत्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
रेलवे सेवा के साथ-साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन में भी प्रतिनियुक्ति पर लगभग तीन वर्षों तक कार्य किया। इस दौरान वर्ष 2021 में कानपुर मेट्रो के संचालन की शुरुआत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
2026-04-16
