देश के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के पुण्यतिथि पर आज कांग्रेसियों ने घंटाघर स्थित प्रतिमा स्थल पर एक सभा का आयोजन किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। सभा में कांग्रेसियों ने पंडित नेहरू की प्रतिमा का दुग्ध स्नान करने के साथ ही गंगाजल से स्नान कराया और देश के विकास में अपना सक्रिय योगदान देने के लिए पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि अंग्रेजों की गुलामी के बाद आजाद हुए भारत देश के सर्वांगिक विकास के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू आगे आए। पंडित नेहरू ने प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए भारत देश का विकास किया साथ ही देश की रक्षा में अपना योगदान देने के लिए विभिन्न जगहों पर रक्षा फैक्ट्री को लगाने के साथ ही भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नए-नए उद्योगों की स्थापना की। पंडित नेहरू ने देश की आम जनता को भुखमरी से बचने के लिए कृषि उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ ही आम जनता को जागरुक भी किया और उन्हें देश की मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया। इस मौके पर शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि हम सभी पंडित नेहरू को जहां देश के विकास के लिए याद करते हैं वहीं इस बात के लिए भी याद करते हैं कि वह छोटे-छोटे बच्चों को भी अपने परिवार का हिस्सा मानते थे और उनसे स्नेह रखते थे। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता के साथ-साथ अन्य कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
