कानपुर
दरोगा पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, भ्रूण हत्या और मारपीट की शिकायत, दरोगा ने भी उठाए पत्नी के ऊपर सवाल
कानपुर शहर के थाना चकेरी क्षेत्र अंतर्गत लालबंगला इलाके में रहने वाले एक पुलिस दरोगा पर उसकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि दरोगा और उसके परिजनों ने जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करने दबाव बनाने आरोप लगाया है। इसके अलावा दवा खाने से मना करने पर मारपीट भी की गई। पीड़िता का कहना है कि चौकी और थाने में उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके चलते अब उसने पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता और दरोगा के बीच आठ माह पूर्व प्रेम विवाह हुआ था। महिला का दावा है कि वह डेढ़ माह की गर्भवती थी, तब उस पर जबरन दवा खिलने की कोशिश की गई। पीड़िता का यह भी आरोप है कि गर्भपात से इनकार करने पर उसे दरोगा और उसके परिवार द्वारा शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
मूलरूप से सुल्तानपुर निवासी इस दरोगा की तैनाती कानपुर पुलिस लाइन में बताई जा रही है। पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस घटना की शिकायत स्थानीय चौकी और थाने में की, तो उसे अनसुना कर दिया गया। अंततः उसने पुलिस कमिश्नर से मिलकर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में जब दरोगा से संपर्क किया गया तो उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और उल्टा महिला पर गंभीर आरोप लगा दिए। दरोगा का कहना है कि महिला उससे पूरी तनख्वाह उसको देना का दबाव बनाती हैं और परिवार से अलग रहने को कहती है और उनके पास इसके पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि वह सोमवार को पुलिस कमिश्नर से मिलकर अपनी ओर से भी शिकायत दर्ज कराएंगे।
फिलहाल यह मामला कानपुर पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर जहां महिला न्याय की मांग कर रही है, वहीं दूसरी ओर दरोगा अपनी छवि बचाने और पलटवार करने की तैयारी में है। अब देखना होगा कि पुलिस कमिश्नर इस प्रकरण में क्या रुख अपनाते हैं और निष्पक्ष जांच के लिए क्या कदम उठाते हैं।
