कानपुर
मृत बेटे को न्याय दिलाने की गुहार, पीड़िता मां ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
कानपुर पुलिस कमिश्नरेट जनसुनवाई केंद्र में उस समय भावुक क्षण देखने को मिला जब एक वृद्ध मां ने अपने मृत बेटे को न्याय दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नर आख़िल कुमार से गुहार लगाई। पीड़िता शकुंतला द्विवेदी का आरोप है कि उनके बेटे सौरभ द्विवेदी को भूमाफियाओं ने मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि वह आत्महत्या के लिए मजबूर हो गया।शकुंतला द्विवेदी ने बताया कि उनके बेटे सौरभ का एक प्लॉट था, जिस पर भूमाफियाओं की नज़र थी। सौरभ को जबरन वह प्लॉट अपने नाम करवाने के लिए धमकाया जाता था। अधिवक्ता होने के नाते उसे फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती थी, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहता था।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सौरभ ने उत्पीड़न की शिकायत खुद पुलिस कमिश्नर से की थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, क्योंकि पुलिस स्वयं आरोपियों से मिली हुई थी। पीड़िता के अनुसार, जब सौरभ ने न्याय की उम्मीद छोड़ दी, तो उसने आत्महत्या कर ली।सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि सौरभ की मौत के बाद पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर उसमें छेड़छाड़ की और साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश की, जिससे आरोपी बच सकें।शकुंतला द्विवेदी ने संकल्प लिया है कि वह अपने बेटे की मौत का बदला लेकर रहेंगी और दोषी भूमाफियों को जेल भिजवाकर ही चैन लेंगी।इस पूरे मामले में पुलिस कमिश्नर आख़िल कुमार ने पीड़िता की बात गंभीरता से सुनते हुए जांच का भरोसा दिलाया है और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
