कानपुर

 

कानपुर के हीरामनपुरवा में बुज़ुर्ग को पीटने का मामला: चौकी इंचार्ज की हैवानियत सीसीटीवी में कैद, इंसाफ की मांग

 

कानपुर PS बेकनगंज क्षेत्र के हीरामनपुरवा में चौकी इंचार्ज डीसी राजपूत की अमानवीय हरकत का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। घटना में एक बुज़ुर्ग मुस्लिम व्यक्ति को सिर्फ़ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि वह ऊँचा सुनते हैं और अधिकारी की बात नहीं सुन सके।

 

पूरा मामला कानपुर क्षेत्र की हीरामनपुरवा चौकी से जुड़ा है, जहां चौकी इंचार्ज डीसी राजपूत ने वर्दी की मर्यादा को तार-तार करते हुए बुज़ुर्ग पर लाठियों से हमला किया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बुज़ुर्ग बार-बार कुछ समझने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन चौकी इंचार्ज ने बिना मानवीयता के लाठी चलाना शुरू कर दिया।

 

स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि वर्दी की आड़ में सत्ता की निरंकुशता और तानाशाही मानसिकता का यह जीवंत उदाहरण है। लोगों ने सवाल उठाए हैं कि क्या अब वर्दी इंसानियत से ऊपर हो गई है? क्या यही ‘कानून का राज’ है जहां एक असहाय बुज़ुर्ग को सिर्फ़ सुन नहीं पाने पर पीट दिया जाता है?

 

घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने चौकी इंचार्ज के निलंबन और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

अब तक आला अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की मांग जोर पकड़ रही है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह घटना एक बड़े जनविरोध का कारण बन सकती है।

 

इस घटना ने फिर एक बार उस सवाल को ज़िंदा कर दिया है— “क्या हम एक संवेदनशील लोकतंत्र में जी रहे हैं या खौफ और खामोशी के दौर में?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *