कानपुर
कानपुर में शुरू हुई PET परीक्षा, नकल रोकने मैदान में उतरी AI तकनीक
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) शनिवार से शुरू हो गई। जिले में कुल 92,064 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। केवल एक पाली में ही 23,016 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा के लिए शहर में 65 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनकी निगरानी के लिए CCTV कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही हर केंद्र पर एक स्टैटिक और एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है।
दो पालियों में हो रही परीक्षा
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। पहले दिन ही करीब 46 हज़ार अभ्यर्थी परीक्षा देने कानपुर पहुंचे।
AI से पकड़े जाएंगे ‘मुन्ना भाई’
इस बार नकल रोकने के लिए आयोग ने AI तकनीक का सहारा लिया है। परीक्षा में पहली बार फेस रिकग्निशन सॉफ्टवेयर और रेटिना स्कैनिंग का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे संदिग्ध अभ्यर्थियों की तुरंत पहचान हो जाएगी। बायोमेट्रिक अटेंडेंस और जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है।
स्टेशनों और बस अड्डों पर भारी भीड़
परीक्षा को लेकर शुक्रवार देर रात से ही बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ शहर में उमड़ पड़ी। कानपुर सेंट्रल स्टेशन और सलमान खान अंतरराष्ट्रीय बस अड्डा झकरकटी पर इतनी भीड़ रही कि पैरों तले जगह तक नहीं बची।
