कानपुर

 

कानपुर कचहरी में अधिवक्ताओं की हड़ताल, पुलिस उत्पीड़न के विरोध में सौंपा ज्ञापन

 

कानपुर। बनारस की हालिया घटना के चलते आज कानपुर कचहरी में बार एसोसिएशन और लायर्स एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर अधिवक्ताओं ने हड़ताल की। सभी अधिवक्ता एकजुट होकर न्यायालय परिसर में कार्य से विरत रहे और पुलिस आयुक्त को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

 

ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गईं कि अधिवक्ताओं के खिलाफ मात्र आरोपों के आधार पर मुकदमे दर्ज करने की कार्यवाही को तत्काल रोका जाए, अधिवक्ता संरक्षण कानून को शीघ्र पारित किया जाए, तथा जिन अधिवक्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर पुलिस द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा है, उन मुकदमों को निरस्त कर दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही हो।

 

पूर्व लायर्स एसोसिएशन अध्यक्ष पंडित रविन्द्र शर्मा ने कहा कि “उत्तर प्रदेश के हर जिले में पुलिस बिना जांच के अधिवक्ताओं का उत्पीड़न कर रही है। यदि यह सिलसिला नहीं रुका तो अधिवक्ता समाज को सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ेगा।”

 

वहीं बार एसोसिएशन के महामंत्री अमित सिंह ने भी बनारस और चंदौली की घटनाओं पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि “पुलिस का यह रवैया पूरी तरह गलत है और इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान कुछ अधिवक्ताओं ने वीडियो बनाने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस से हल्की नोकझोंक भी हुई। हालांकि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया और प्रतिनिधिमंडल ने शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन सौंप दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *