आज 31 अक्टूबर
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने आज भाजपा नेता विशाल जायसवाल के नेहरू नगर आवास में पत्रकार वार्ता में कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की आजादी के बाद 552 रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर एक भारत, मजबूत भारत की नींव रखी। उन्हीं की दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण भारत आज एक सशक्त राष्ट्र के रूप में खड़ा है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” केवल एक नारा नहीं, बल्कि यह राष्ट्र की एकता और अखंडता को साकार करने का मार्ग है। प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर किया है।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल एक योजना नहीं बल्कि भारत की आत्मा है। स्वदेशी को अपनाना अब एक आंदोलन बन चुका है। भारत आज विदेशी निर्भरता से निकलकर अपने संसाधनों और नवाचारों के बल पर दुनिया में नई पहचान बना रहा है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने मध्यम वर्गीय परिवारों को इनकम टैक्स में छूट देकर बड़ी राहत दी है, जिससे आमजन को आर्थिक मजबूती मिली है। यह कदम सरकार की जनहितैषी सोच को दर्शाता है।
एसआईआर (सिटिजनशिप वेरिफिकेशन) पर विपक्ष के विरोध पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों में भी इसी तरह की प्रक्रियाएं हुई हैं, लेकिन आज जब मोदी सरकार पारदर्शी तरीके से देशहित में कार्य कर रही है तो विपक्ष अनर्गल बयानबाज़ी कर रहा है। कांग्रेस को देश के नागरिकों की नहीं, बल्कि बांग्लादेश और म्यांमार से आए घुसपैठियों की चिंता है, जो अवैध रूप से मतदाता सूची में शामिल हो गए हैं। मोदी सरकार का यह कदम घुसपैठियों को बाहर करने और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
डॉ. शर्मा ने आगे कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है, यही कारण है कि विपक्ष घबराहट में प्रधानमंत्री मोदी पर बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। जनता ने मन बना लिया है कि अब विकास और सुशासन का पहिया रुकने नहीं देंगे।
अंत में उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के दिखाए मार्ग पर चलते हुए भाजपा एकता, अखंडता और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए कटिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर नई ऊँचाइयों को छू रहा है।
प्रेस वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने किया
प्रेस वार्ता सांसद रमेश अवस्थी जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित विधायक नीलिमा कटियार सुरेंद्र मैथानी महेश त्रिवेदी जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा,अभिनव दीक्षित शिवांग मिश्रा मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *