*भगवान परशुराम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाये* –

विधायक अमिताभ बाजपेयी ने मुख्यमंत्री से की मांग

दिनांक: 12.04.2026 |

आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की पुरजोर मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर जनभावनाओं से अवगत कराया।

विधायक जी ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि भगवान परशुराम जयंती न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में अत्यंत श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उत्साह के साथ मनाई जाती है। यह पर्व भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक मूल्यों का प्रतीक है, जिसे ब्राह्मण समाज सहित सभी धर्मावलंबी बड़े सम्मान और भक्ति भाव से मनाते हैं।

उन्होंने कहा कि आर्यनगर विधानसभा सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से नागरिकों द्वारा लगातार यह मांग उठ रही है कि इस पावन अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के इस पर्व को विधिवत मना सकें और धार्मिक आयोजनों में भाग ले सकें।

अमिताभ बाजपेयी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि सरकार इस दिशा में कदम उठाती है तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और अधिक मजबूत होगा।

विधायक जी की इस पहल को क्षेत्रीय जनता और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सराहा जा रहा है, जिससे यह मांग अब और अधिक व्यापक रूप लेती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *