
दिनांकः 05.09.2025
*यूपीएमआरसी ने परिचालन सेवा आरंभ होने के 8 वर्ष पूर्ण होने पर मनाया ’मेट्रो दिवस’*
*मोती झील मेट्रो स्टेशन को सर्वश्रेष्ठ रखरखाव और यात्री सेवा के लिए मिला पुरस्कार; कानपुर मेट्रो के तीन कर्मचारी विभिन्न श्रेणियों में एमडी मेडल से सम्मानित*
*यूपीएमआरसी टीम ने केपीआई के विभिन्न मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बढ़ाया गौरवः एमडी श्री सुशील कुमार*
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) द्वारा आज राज्य में पहली बार मेट्रो परिचालन आरंभ करने की 8वीं वर्षगांठ मनायी गई। यूपीएमआरसी ने 5 सितंबर 2017 को ही लखनऊ में अपनी पहली मेट्रो ट्रेन सेवा आरंभ की थी। इस अवसर पर ट्रांसपोर्ट नगर डिपो और हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में मोती झील मेट्रो स्टेशन को यूपीएमआरसी के “ बेस्ट केप्ट स्टेशन“ का पुरस्कार दिया गया। साथ ही, कानपुर मेट्रो के तीन कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए एमडी मेडल से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार सहित निदेशक मंडल के सदस्य – श्री शील कुमार मित्तल (निदेशक/वित्त), श्री सी.पी. सिंह (निदेशक/वर्क्स एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर), श्री नवीन कुमार (निदेशक/रोलिंग स्टॉक एवं सिस्टम), तथा श्री प्रशांत मिश्रा (निदेशक/ऑपरेशन) उपस्थित रहे।
*कानपुर मेट्रो के स्टेशन को सर्वश्रेष्ठ रखरखाव और यात्री सेवा के लिए मिला पुरस्कार*
आयोजन के दौरान श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को एमडी गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया। कानपुर मेट्रो के मोती झील स्टेशन को यूपीएमआरसी के “बेस्ट केप्ट स्टेशन“ का पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार स्टेशन कंट्रोलर श्री पुष्पेंद्र यादव, श्री देवेंद्र सिंह, श्री प्रवीण कुमार सिंह और श्री पारितोष कुमार ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया। मोती झील मेट्रो स्टेशन पूरे साल सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। इस स्टेशन पर स्थित फूड फोरम, चायनीज वॉक जैसे आउटलेट्स और निरंतर आयोजित हो रहे पुस्तक मेलों ने भी इस स्टेशन को शहर वासियों का पसंदीदा फन प्वाइंट बना दिया।
‘बेस्ट प्रोजेक्ट स्टाफ’ श्रेणी में कानपुर मेट्रो के श्री प्रशांत भार्गव (प्रबंधक/ई एंड एम) को एमडी सिल्वर मेडल और श्री श्याम शरण पटेल (सहायक प्रबंधक/सिग्नलिंग एंड टेलिकॉम) को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किया गया। ‘बेस्ट ऑपरेशन एंड रोलिंग स्टॉक स्टाफ’ श्रेणी में श्री फरीद खान (स्टेशन कंट्रोलर कम ट्रेन ऑपरेटर-1) को एमडी ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एमडी श्री सुशील कुमार ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में यूपीएमआरसी ने निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। वर्ष 2025 में कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 में मोतीझील से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो सेवाओं का सफल विस्तार किया गया है। लखनऊ मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर (चारबाग से वसंत कुंज) के निर्माण कार्य की शुरुआत भी शीघ्र होने की संभावना है, जिसे हाल ही में कैबिनेट की अंतिम स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि आई-मेट्रो द्वारा जारी ‘की परफॉर्मेंस इंडेक्स’ रिपोर्ट में यूपीएमआरसी ने देश के टियर-2 शहरों की अन्य मेट्रो प्रणालियों की तुलना में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रति किलोमीटर गैर-किराया राजस्व 95% अधिक, प्रति यात्री किराया राजस्व 30% अधिक और प्रति किलोमीटर व्यय 9% कम दर्ज किया गया है।
विशिष्ट अतिथि कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने यूपीएमआरसी को 13 करोड़ से अधिक यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और विश्वस्तरीय सेवाएं प्रदान करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यूपीएमआरसी देशभर की मेट्रो प्रणालियों के लिए एक प्रेरणास्रोत बन चुकी है।
जनसंपर्क विभाग
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड
